कोटा : शहर के कुन्हाड़ी थाना इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. इस मामले में लड़के के पिता मंगलवार को कोटा पहुंचे और उन्होंने पूरे मामले में जांच की मांग कर दी है. उनका दावा है कि लड़के की मौत संदिग्ध है.
इस पूरे मामले पर कुन्हाड़ी थाने के हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह का कहना है कि सोमवार सुबह 31 वर्षीय शुभम तिवारी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मोर्चरी में उसके शव को शिफ्ट करवा दिया है. इसके परिजनों को सूचना दी थी. मामले में जिस भी तरह की शिकायत परिजन कर रहे हैं, उस रिपोर्ट व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर युवक की मौत का कारण का पता चल सकेगा. युवक बीते ढाई साल से लिव-इन में रह रहा था.
हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह का कहना है कि शुभम तिवारी मूल रूप से यूपी के इटावा निवासी है. वह कोटा में ही कुन्हाड़ी इलाके की बालिता रोड स्थित एक मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में लिव-इन में हरियाणा के चंडीगढ़ निवासी 45 वर्षीय महिला के साथ रहता था. महिला ने पुलिस को बताया है कि शुभम की तबीयत रविवार देर रात अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. वह रात में खाना खाकर सोए थे और उसके बाद सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी थी.
2023 से रह रहे थे लिव-इन रिलेशनशिप में : महेश तिवारी का कहना है कि उनका बेटा शुभम 2014 में कोटा आ गया था. यहां पर एग्रीकल्चर कंपनी में काम करता था. साल 2017 में उसका विवाह यूपी के मैनपुरी निवासी रितु तिवारी से कर दिया था. साल 2018 में दोनों के एक बेटी भी हुई थी. इसके बाद दोनों के रिश्ते में खटास आ गई और लगातार लड़ाई झगड़े का क्रम जारी रहा. इसके बाद उन्होंने रितु को इटावा में ही रख लिया, लेकिन वह साल 2022 में अपने मायके चली गई और डिवोर्स का केस उसने फाइल कर दिया. इसके बाद साल 2023 मार्च से ही यह महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था.
परिजनों को थी लिव-इन में रहने की जानकारी : महिला का कहना है कि उसकी शुभम से मुलाकात बैंक में ही हुई थी. इसके बाद दोनों ने तय किया कि लिव-इन में रहेंगे. वो अपनी दोनों बेटियों के साथ ही शुभम के साथ लिव-इन में रहती थी. शुभम की पत्नी, बेटी और तलाक के केस के संबंध में भी उसे जानकारी थी. उसके परिजनों को भी इस संबंध में जानकारी दे दी गई थी. शुभम शराब पीने का आदी व चेन स्मोकर भी था. उसपर काफी कर्ज भी था.
रिश्ता तोड़ चुका था बेटा : मृतक के पिता महेश कुमार तिवारी का कहना है कि उनका बेटा परिवार से रिश्ता तोड़ चुका था. महिला ने सोमवार सुबह 4:30 बजे कॉल पर बताया गया कि शुभम की मौत हो गई है. ये पता चलते ही पत्नी के साथ कानपुर से इटावा पहुंचे और इटावा से गाड़ी लेकर कोटा आए. मामले में पुलिस जांच की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया है कि लिव-इन में रहने के दौरान महिला और शुभम के बीच मारपीट, लड़ाई-झगड़ा आम बात थी. शुभम घर पर बात करना भी पसंद नहीं कर रहा था. उन्होंने लिव-इन में रह रही महिला को इसका जिम्मेदार ठहराते हुए जांच की मांग की है.
Sources: https://www.etvbharat.com/
