Category: लिव-इन रिलेशन खबरें

  • लिव इन रिलेशन में रह रहे जोड़े का गांव की सभा ने क्यों किया सामाजिक बहिष्कार, जानिए किन हालात में रहने को हैं मजबूर

    लिव इन रिलेशन में रह रहे जोड़े का गांव की सभा ने क्यों किया सामाजिक बहिष्कार, जानिए किन हालात में रहने को हैं मजबूर

    Jharkhand News, खूंटी न्यूज: झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा में लिव इन रिलेशन में रह रहे एक प्रेमी जोड़े का सामाजिक बहिष्कार करने का मामला प्रकाश में आया है. ये मामला तपकारा थाना क्षेत्र के गेंद टोली(बेहरा टोली) का है. इसी गांव के जय मसीह गुड़िया व अर्चना गुड़िया सहित उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार किया गया है. कारण यह है कि दोनों एक ही गोत्र के होने के बावजूद आपस मे प्रेम संबंध स्थापित कर साथ साथ रह रहे हैं. इन दोनों का सात माह का एक बेटा भी है.

    मिली जानकारी के अनुसार गेंद टोली के जय मसीह गुड़िया का बेहरा टोली के अर्चना गुड़िया के साथ प्रेम संबंध था. इसी बीच अर्चना गर्भवती हुई तो जय मसीह उसे अपने घर ले आया. दोनों परिवार की सहमति से जय मसीह व अर्चना साथ साथ रहने लगे. जय मसीह ने बताया कि इसके बाद बेहरा टोली गांव में ग्रामीणों की बैठक गांव के मुंडा नवीन गुड़िया की अगुवाई में हुई. बैठक में दोनों को बुलाया गया तथा उन्हें अलग अलग रहने को कहा गया. ऐसा नहीं करने पर सामाजिक बहिष्कार की बात कही गयी. जय मसीह ने उनसे कहा कि अर्चना गर्भवती है इस हालत में उसे नहीं छोड़ सकते. इसके बाद गांव की सभा ने उनके सामाजिक बहिष्कार का फरमान सुनाया.

    जय मसीह व अर्चना ने बताया कि सामाजिक बहिष्कार के बाद गांव के लोग दोनों परिवार के काम में हाथ नहीं बंटाते हैं. जिसके कारण वह खेती भी नहीं कर पा रहा है. गांव के लोग उनसे बात भी नहीं करते हैं. जिससे वे दोनों अपने को प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं. बेहरा टोली गांव का मुंडा नवीन गुड़िया से बात करने पर उन्होंने बताया कि जय मसीह व अर्चना एक ही गोत्र के हैं और एक ही गोत्र में शादी करने की मनाही है. यह हमारी सामाजिक परंपरा है कि कोई भी व्यक्ति एक ही गोत्र में शादी नहीं कर सकता. इन्होंने परम्परा के विरुद्ध काम किया है. इसलिए इनके सामाजिक बहिष्कार का सामूहिक निर्णय लिया गया है.

    आपको बता दें कि झारखंड के खूंटी समेत कई जिलों में ढुकुआ विवाह की परंपरा है, जहां बिना विवाह के जोड़े लिव इन रिलेशन में रहते हैं. कहा जाता है कि शादी में पूरे गांव को भोज देने के बाद ही विवाह मान्य होता है. ऐसे में आर्थिक रुप से कमजोर लोग लिव इन में रहने को मजबूर रहते हैं. इसे ढुकुआ विवाह कहते हैं. हालांकि इसे मान्यता नहीं है. कई तरह के अधिकार से ये जोड़े वंचित रहते हैं. हाल के दिनों में स्वयंसेवी संस्थाओं ने इस दिशा में पहल की है और सामूहिक विवाह कराया.

    Sources: https://www.prabhatkhabar.com/ Modified date: 

  • लिव-इन-पार्टनर का यौन शोषण करने के आरोप में शादीशुदा प्रेमी गिरफ्तार, 20 लाख रुपए भी ठगे

    लिव-इन-पार्टनर का यौन शोषण करने के आरोप में शादीशुदा प्रेमी गिरफ्तार, 20 लाख रुपए भी ठगे

    बेंगलुरु(न्यूज़ डेस्क)। बेंगलुरु के बगलकुंटे में पुलिस ने एक 29 साल के आदमी को कथित धोखाधड़ी, यौन शोषण और चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसने एक महिला को रोमांटिक रिश्ते का झांसा देकर करीब 20 लाख रुपये और 200 ग्राम सोना ठग लिया था।

    यह मामला नेलमंगला से शुरू हुआ था और इसमें दो बहनों से जुड़ी घटनाओं की एक कड़ी सामने आई है। पुलिस ने बताया कि शुभम शुक्ला ने पहले एक नाबालिग लड़की से दोस्ती की और कथित तौर पर उसका यौन शोषण किया, फिर उसके परिवार तक पहुंचने के लिए उसका इस्तेमाल किया।

    बाद में उसने बड़ी बहन को निशाना बनाया और उसे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के लिए फुसलाया। शुक्ला ने पीड़िता को अपने माता-पिता से झूठ बोलने के लिए मना लिया, यह कहकर कि वह काम के लिए मुंबई जा रही है। इसके बजाय, दोनों बेंगलुरु में तीन साल तक साथ रहे, इस दौरान उसने कथित तौर पर पैसे और कीमती सामान हड़प लिया।

    बाद में पीड़िता को पता चला कि शुक्ला पहले से शादीशुदा है। जब उससे इस बारे में पूछा गया, तो उसने अपनी पत्नी को तलाक देने का वादा किया, लेकिन उसे रोज़ाना परेशान करना जारी रखा। उत्पीड़न बर्दाश्त न कर पाने पर, महिला आखिरकार वहां से भाग गई और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेस (POCSO) एक्ट और धोखाधड़ी के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया। शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी रहने तक वह हिरासत में है।

  • लिव-इन में रह रहे युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी से चल रहा तलाक का केस, पिता ने की जांच की मांग

    लिव-इन में रह रहे युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी से चल रहा तलाक का केस, पिता ने की जांच की मांग

    कोटा : शहर के कुन्हाड़ी थाना इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. इस मामले में लड़के के पिता मंगलवार को कोटा पहुंचे और उन्होंने पूरे मामले में जांच की मांग कर दी है. उनका दावा है कि लड़के की मौत संदिग्ध है.

    इस पूरे मामले पर कुन्हाड़ी थाने के हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह का कहना है कि सोमवार सुबह 31 वर्षीय शुभम तिवारी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मोर्चरी में उसके शव को शिफ्ट करवा दिया है. इसके परिजनों को सूचना दी थी. मामले में जिस भी तरह की शिकायत परिजन कर रहे हैं, उस रिपोर्ट व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर युवक की मौत का कारण का पता चल सकेगा. युवक बीते ढाई साल से लिव-इन में रह रहा था.

    हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह का कहना है कि शुभम तिवारी मूल रूप से यूपी के इटावा निवासी है. वह कोटा में ही कुन्हाड़ी इलाके की बालिता रोड स्थित एक मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में लिव-इन में हरियाणा के चंडीगढ़ निवासी 45 वर्षीय महिला के साथ रहता था. महिला ने पुलिस को बताया है कि शुभम की तबीयत रविवार देर रात अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. वह रात में खाना खाकर सोए थे और उसके बाद सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी थी.

    2023 से रह रहे थे लिव-इन रिलेशनशिप में : महेश तिवारी का कहना है कि उनका बेटा शुभम 2014 में कोटा आ गया था. यहां पर एग्रीकल्चर कंपनी में काम करता था. साल 2017 में उसका विवाह यूपी के मैनपुरी निवासी रितु तिवारी से कर दिया था. साल 2018 में दोनों के एक बेटी भी हुई थी. इसके बाद दोनों के रिश्ते में खटास आ गई और लगातार लड़ाई झगड़े का क्रम जारी रहा. इसके बाद उन्होंने रितु को इटावा में ही रख लिया, लेकिन वह साल 2022 में अपने मायके चली गई और डिवोर्स का केस उसने फाइल कर दिया. इसके बाद साल 2023 मार्च से ही यह महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था.

    परिजनों को थी लिव-इन में रहने की जानकारी : महिला का कहना है कि उसकी शुभम से मुलाकात बैंक में ही हुई थी. इसके बाद दोनों ने तय किया कि लिव-इन में रहेंगे. वो अपनी दोनों बेटियों के साथ ही शुभम के साथ लिव-इन में रहती थी. शुभम की पत्नी, बेटी और तलाक के केस के संबंध में भी उसे जानकारी थी. उसके परिजनों को भी इस संबंध में जानकारी दे दी गई थी. शुभम शराब पीने का आदी व चेन स्मोकर भी था. उसपर काफी कर्ज भी था.

    रिश्ता तोड़ चुका था बेटा : मृतक के पिता महेश कुमार तिवारी का कहना है कि उनका बेटा परिवार से रिश्ता तोड़ चुका था. महिला ने सोमवार सुबह 4:30 बजे कॉल पर बताया गया कि शुभम की मौत हो गई है. ये पता चलते ही पत्नी के साथ कानपुर से इटावा पहुंचे और इटावा से गाड़ी लेकर कोटा आए. मामले में पुलिस जांच की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया है कि लिव-इन में रहने के दौरान महिला और शुभम के बीच मारपीट, लड़ाई-झगड़ा आम बात थी. शुभम घर पर बात करना भी पसंद नहीं कर रहा था. उन्होंने लिव-इन में रह रही महिला को इसका जिम्मेदार ठहराते हुए जांच की मांग की है.

    Sources: https://www.etvbharat.com/

  • Meerut: चार साल लिव इन रिलेशन, कोर्ट मैरिज के बाद मुकरा, युवती ने 10 घंटे में अक्ल ठिकाने लगा दी

    Meerut: चार साल लिव इन रिलेशन, कोर्ट मैरिज के बाद मुकरा, युवती ने 10 घंटे में अक्ल ठिकाने लगा दी

    सांकेतिक तस्वीर।

    मेरठ। खिर्वा रोड के एक गांव में रह रहे युवक के घर के सामने शुक्रवार को एक युवती ने दस घंटे तक हंगामा किया। युवती ने दावा किया है कि फेसबुक पर दोस्ती के बाद युवक ने उससे कोर्ट मैरिज की है। वह अब अपनी ससुराल में रहना चाहती है। युवती के हंगामा करने पर प्रेमी उससे मारपीट कर घर से भाग गया। हालांकि पुलिस को सूचना देने के बाद रात दस बजे युवक के परिजनों ने उसे अपने मकान में बुला लिया।

    सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मवाना निवासी युवक काफी समय से खिर्वा रोड स्थित गांव में अपने परिवार के साथ रह रहा है। युवक की दोस्ती चार साल पहले फेसबुक पर जानी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से हुई थी। हंगामा कर रही युवती ने बताया कि चार साल तक दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहे और मार्च 2025 में दोनों ने कोर्ट मैरिज की।

    कुछ दिन पहले युवक के परिजनों को कोर्ट मैरिज की जानकारी हुई थी। परिजनों ने युवती को स्वीकार नहीं किया था। युवती ने मामले की पुलिस से शिकायत की थी। इसकी सुनवाई परिवार परामर्श केंद्र में हो रही है। युवती ने कई बार युवक से घर ले जाने के लिए कहा, मगर बात नहीं बनी।
    शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे युवती अपने प्रेमी के घर के बाहर पहुंच गई। यहां युवक भी अपने परिजनों के संग मौजूद था। युवती को देख आरोपी आग बबूला हो गया। आरोप है कि आरोपी ने युवती के साथ मारपीट कर दी। मारपीट करने के बाद आरोपी भाग गया। युवती दस घंटे तक मकान के बाहर ही डेरा डाले रही।
    पुलिस ने देर रात युवक के परिजनों से कहा कि यदि युवती चाहे तो उसकी ओर से मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। तब देर रात दस बजे युवक के परिजनों ने उसे मकान के अंदर ले लिया। सीओ दौराला का कहना है कि इस संबंध में तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।